हैदराबाद, 21 जुलाई (आईएएनएस)। दुनिया की अग्रणी नगर योजना एवं निर्माण कंपनी सिस्को और उसकी सहयोगी प्रौद्योगिकी कंपनी पैराडाइम एमट्यूइटी हैदराबाद स्मार्ट सिटी योजना के तहत एक प्रायोगिक परियोजना पर काम करेगी।
तेलंगाना सरकार, सिस्को और एमट्यूइटी के साथ मिलकर हैदराबाद स्मार्ट सिटी योजना के लिए जरूरी प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल पर काम कर रही है।
राज्य सरकार के साथ गुरुवार को हुए समझौते के तहत दोनों कंपनियां हैदराबाद के ‘हाईटेक सिटी’ के नजदीक इस प्रायोगिक परियोजना को लागू करेंगी, ताकि अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का मानव कल्याण पर पड़ने वाले प्रभाव को प्रत्यक्षत: दिखाया जा सके।
इस समझौता ज्ञापन पत्र पर राज्य सरकार के अधिकारियों और दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों ने तेलंगाना के सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री के. टी. रामाराव की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए।
सिस्को इंडिया के प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम कौशिक, तेलंगाना के आईटी सचिव जयेश रंजन और ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के आयुक्त जनार्दन रेड्डी भी इस दौरान उपस्थित थे।
सरकार की ओर से जारी एक वक्तव्य में कहा गया है, “इस कार्यावधि में सरकारी अधिकारी प्रायोगिक परियोजना पर सावधानीपूर्वक नजर रखेंगे, सिस्को और एमट्यूइटी को प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल पर मशविरा देंगे।”
dharmpath.com dharmpath