मप्र विधानसभा में मंत्री ने बसपा पर दिया बेतुका बयान

भोपाल, 21 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश विधानसभा में गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक जब उत्तर प्रदेश में भाजपा नेता द्वारा मायावती को गाली दिए जाने के खिलाफ हंगामा कर रहे थे, उस दौरान राज्य के संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा आपा खो बैठे। उन्होंने कहा कि ‘डिस्कवरी चैनल ऐसे हाथी को ढूंढ़ रहा है जो अंडा देता है।” अंडे से उनका मतलब सीट जीतने से था, हाथी बसपा का चुनाव चिह्न् है।

मंत्री ने पिछले लोकसभा चुनाव में बसपा को मिली करारी हार की याद दिलाते हुए हंगामा शांत कराना चाहा।

विधानसभा में बसपा विधायकों ने उत्तर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह द्वारा मायावती पर की गई भद्दी टिप्पणी का मामला उठाया और जमकर हंगामा किया। इसमें कांग्रेस के सदस्यों ने भी उनका साथ दिया। नतीजतन, सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।

हंगामे के दौरान बसपा विधायकों का साथ दे रहे कांग्रेस विधायकों की भी सरकार के प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा से तीखी बहस हुई।

मिश्रा ने कांग्रेस सदस्यों से कहा कि वे इस मामले को लोकसभा में उठाएं, वहां तो उनके नेता (राहुल गांधी) सोते रहते हैं, पहले उन्हें ही जगा लें। इस पर उनकी कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी, रामनिवास रावत आदि से तीखी बहस हुई।

मिश्रा ने बसपा को पिछले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिली हार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “‘हाथी अंडा दे रहा है, लोकसभा में दो-दो अंडे दिए हैं। डिस्कवरी चैनल तो ऐसे हाथी को ढूंढ़ रहा है जो अंडा देता है।”

भाजपा के विधायक बाबूलाल गौर ने तो चर्चा के दौरान बसपा विधायकों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव तक लाने का सुझाव दे डाला। इस पर कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि बसपा विधायकों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लेने के साथ भाजपा यह भी बता दें कि क्या वह उत्तर प्रदेश उस नेता के साथ है जिसने यह टिप्पणी की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493