बिहार : नीतीश के गृह जिले में लहराया पाकिस्तानी झंडा, विपक्ष बिफरा (लीड-1)

पटना/बिहारशरीफ, 21 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के लहेरी थाना क्षेत्र के एक मकान की छत पर पाकिस्तान का झंडा फहराए जाने का मामला प्रकाश में आया है। स्थानीय लोगों में इससे आक्रोश है।

पुलिस ने हालांकि झंडे को उतार अपने कब्जे में ले लिया और इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद विपक्ष ने सरकार पर सियासी हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया।

गिरिराज सिंह ने गुरुवार को ट्वीट कर लिखा, “छद्म धर्मनिरपेक्षता व असहिष्णुता का ड्रामा और नीतीश जी की सोच के कारण उनके ही गृह क्षेत्र में पाकिस्तान का झंडा फहरा दिया गया। इसे देश बर्दाश्त नहीं करेगा।”

पुलिस के अनुसार, बिहारशरीफ शहर के वार्ड नंबर-36 में जामा मस्जिद के पास खरादी मुहल्ले के एक घर की छत पर पाकिस्तानी झंडा लहाराए जाने के बाद से स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश है।

स्थानीय लोगों ने गुरुवार सुबह इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने पाकिस्तानी झंडे को घर की छत से हटा दिया है।

नालंदा के पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने बताया कि पुलिस ने झंडे को उतार लिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी झंडा घर की छत पर फहराने के आरोप में शबनम को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस मामले में देशद्रोह के आरोप में लहेरी थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी झंडा घर में फहराए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

इधर, नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार ने नीतीश सरकार पर आतंकियों को प्रश्रय देने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ दिनों पहले पटना में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगे तो अब लोगों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अपने घर की छत पर पाकिस्तान का झंडा फहरा रहे हैं।

ये घटनाएं सरकार की कार्यशैली और विफलता को प्रदर्शित कर रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद के कारण ऐसे लोगों को प्रश्रय मिल रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को नीतीश कुमार अपने घर को भी ठीक नहीं रख पा रहे हैं। नालंदा में पाकिस्तानी झंडा फहराया जाना राजद्रोह का मामला है।

उन्होंने कहा, “नीतीश शराबबंदी को लेकर भाषण देते चल रहे हैं और उनके घर में राजद्रोह पनप रहा है।”

सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) के प्रवक्ता अजय आलोक ने भी इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना की जितनी निंदा की जाए वह कम है। उन्होंने कहा कि घटना में जो लोग शामिल पाए जाएंगे सभी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना शर्मनाक है और सरकार इसको लेकर गंभीर है। इस तरह के मामले बिहार के लिए ठीक नहीं है।

उल्लेखनीय है कि राजधानी पटना में कुछ दिन पूर्व मुस्लिम संगठन से जुड़े लोगों ने पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी की थी। इस मामले में पटना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493