महिला हॉकी : भारत ने कनाडा को 5-2 से हराया

मैनहेम (पेन्सिलवेनिया), 23 जुलाई (आईएएनएस)। ब्राजील में अगले माह से शुरू हो रहे रियो ओलम्पिक की तैयरियों के लिए अमेरिका दौरे पर गई भारतीय महिला हॉकी टीम ने शुक्रवार को हुए मुकाबले में कनाडा को 5-2 से हराकर दूसरी बार जीत दर्ज की।

भारतीय टीम के लिए उपकप्तान दीपिका और फारवर्ड वंदना कटारिया ने दो-दो गोल किए।

इससे पहले अपने पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान अमेरिका को 2-1 से हराया था।

इस मुकाबले में बढ़त बनाते हुए भारतीय टीम ने नौवें मिनट में पहला गोल दागा। टीम के लिए यह गोल फारवर्ड वंदना कटारिया ने किया। कनाडा की ओर से गोल करने की कोशिश की गई, लेकिन भारतीय टीम ने प्रतिद्वंद्वी टीम की सभी कोशिशों पर पानी फेरते हुए पहले क्वार्टर में 1-0 से बढ़त बनाई।

दूसरे क्वार्टर में कनाडा ने जोर पकड़ते हुए गोल दागा। टीम की ओर से 17वें मिनट में स्टेफनी नोरलेंडर ने गोल किया। तीसरे क्वार्टर में भारत की ओर से दीपिका ने 38वें मिनट में पहला गोल किया। इससे टीम 2-1 से आगे हो गई, लेकिन इसके तुरंत बाद ही 42वें मिनट में प्रतिद्वंद्वी टीम की ओर से ब्रिएने स्टेयर्स ने गोल दागकर मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया।

इस प्रकार से तीसरे क्वार्टर का मुकाबला 2-2 से बराबरी पर हो गया। चौथे और अंतिम क्वार्टर में परिणाम के लिए दोनों टीमों के बीच एक बार फिर संघर्षपूर्ण खेल शुरू हुआ।

भारत ने चौथे क्वाटर्र में बढ़त बनाते हुए 49वें मिनट में गोल दागा। यह गोल दीपिका की ओर से किया गया था। इसके दो मिनट बाद ही वंदना ने इस बढ़त को गोल दागकर दोगुना कर दिया। इससे भारत ने कनाडा पर 4-2 से बढ़त बनाई।

इसके बाद पूनम रानी ने 58वें मिनट में भारत के लिए पांचवा गोल दागा और इस गोल के साथ ही भारत ने कनाडा को 5-2 से हराते हुए टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493