नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में पिछले महीने अगवा भारतीय सहायताकर्मी जूडिथ डिसूजा को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त करा लिया गया है। वह शनिवार शाम नई दिल्ली पहुंचने वाली हैं।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर कहा, “मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि जूडिथ डिसूजा को बचा लिया गया है।”
कोलकाता निवासी जूडिथ (40) अफगानिस्तान में आगा खां नेटवर्क के लिए काम करती थीं। वह नौ जून 2015 को एक दोस्त के घर से रात्रिभोज के बाद लौट रही थीं कि तभी अज्ञात बंदूकधारियों ने काबुल के कला-ए-फतुल्ला क्षेत्र से उन्हें अगवा कर लिया।
सुषमा ने इस मामले में अफगानिस्तान में भारत के राजदूत मनप्रीत वोहरा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “मैंने जूडिथ से बात की है। वह शाम तक दिल्ली पहुंचने वाली हैं। वोहरा भी उनके साथ आ रहे हैं।”
उन्होंने जूडिथ को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराने में सहयोग के लिए वोहरा और अफगानिस्तान का आभार जताया।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, “अफगानिस्तान का उनकी हरसंभव मदद और जूडिथ को बचाने के लिए धन्यवाद।”
जुडिथ जुलाई 2015 से एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) में वरिष्ठ तकनीकी सलाहकार के पद पर कार्यरत थीं।
जुडिथ के परिवार ने उन्हें अपहरणकार्ताओं के चंगुल से मुक्त कराने पर आभार जताया है। उनके भाई जेरोम ने ट्वीट कर कहा, “जुडिथ को सरकार ने मुक्त कराया। इस बारे में जानकर हमारे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है। हम इसके लिए देश के प्रधानमंत्री, सुषमा स्वराज और मनप्रीत वोहरा के शुक्रगुजार हैं।”
dharmpath.com dharmpath