लौसाने, 23 जुलाई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने तुर्की की भारोत्तोलक सिबेल ओजकान को बीजिंग ओलम्पिक-2008 में जीता रजत पदक वापस करने का आदेश दिया है।
सिबेल को डोपिंग रोधी नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया और इसी कारण उन्हें भारोत्तोलन स्पर्धा में जीता पदक वापस देने के लिए कहा गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बीजिंग ओलम्पिक में 48 किलोग्राम भारवर्ग में सिबेल (28) ने रजत पदक जीता था, लेकिन आईओसी की ओर से बीजिंग ओलम्पिक और लंदन ओलम्पिक के दौरान एकत्रित किए गए रक्त एवं मूत्र के नमूनों की दोबारा जांच में उन्हें डोपिंग का दोषी पाया गया।
आईओसी ने शुक्रवार को सिबेल को अपना रजत पदक वापस देने का आदेश दिया। उनके नमूनों की जांच में ‘स्टानोजोल’ की मात्रा पाई गई थी।
इससे पहले शुक्रवार को आईओसी ने बीजिंग और लंदन ओलम्पिक के दौरान लिए गए 1,200 नमूनों की जांच से डोपिंग के 45 नए मामले दर्ज किए हैं।
dharmpath.com dharmpath