लापता विमान : आंध्र के मुख्यमंत्री एनएडी कर्मियों के परिजनों से मिले

विशाखापत्तनम, 23 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को नौसेना आयुध डिपो (एनएडी) के कुछ कर्मचारियों के परिवारों से मुलाकात की। ये कर्मचारी बंगाल की खाड़ी में शुक्रवार को लापता हुए भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के विमान में सवार थे।

नायडू ने एन. चिन्ना राव और पी. नागेंद्र राव के घर जाकर उनके परिजनों को सांत्वना दी।

एनएडी, विशाखापत्तनम के आठ कर्मचारी विमान एएन-32 में सवार 29 यात्रियों में शामिल थे। विमान चेन्नई के तांब्रम वायुसेना अड्डे से उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही लापता हो गया था।

विमान पोर्ट ब्लेयर जा रहा था। एनएडी के तकनीशियन नजदीकी रेंज की नौसेना बंदूक सीआरएन-91 की मरम्मत और रखरखाव का काम करने जा रहे थे।

लापता विमान में सवार एनएडी के कर्मचारियों में सांबा मुर्थी, नागेंद्र राव, आर.वी. प्रसाद बाबू, पी. चंद्र सेनापति, चरण महाराणा, विन्ना राव, जी. श्रीनिवास राव और भूपिंद्र सिंह शामिल थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर और नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजापति राजू से बात की है। उन्होंने उन्हें सूचना दी है कि विमान की खोजबीन के प्रयास बढ़ा दिए गए हैं।

उन्होंने संवाददाताओं को बताया, “यह बेहद दुखद घटना है। खोजबीन का प्रयास किया जा रहा है। एक बार हमें कुछ जानकारी मिल जाएगी, तब हम उनके परिवारों से उसे साझा करेंगे।”

नायडू ने परिवारों को आश्वासन दिया है कि सरकार इन कठिन घड़ियों में उनके साथ खड़ी रहेगी और हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

उन्होंने एनएडी कर्मचारियों को दी जाने वाली सहायता के बारे में पूछे जाने पर कहा, “एक बार हमें कुछ जानकारी मिल जाएगी, तब हम इस पर फैसला लेंगे।”

उन्होंने बताया कि चिन्ना राव और नागेंद्र राव दोनों गरीब परिवारों से हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493