बिहार : दलित युवकों की पिटाई के आरोप में 2 गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर, 23 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के आरोप में दो दलित युवकों की पिटाई के दो आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया।

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने बताया कि बाबूटोला में बाइक चोरी के आरोप में दो युवकों की पिटाई के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस की अब तक की जांच में पीड़ित युवकों के मुंह में आरोपियों द्वारा पेशाब किए जाने की बात सच साबित नहीं हुई है।

उल्लेखनीय है कि मठिया टोला गांव निवासी सुनीता देवी द्वारा पारू थाना में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उसका पुत्र राजीव कुमार पासवान अपने दोस्त मुन्ना पासवान के साथ बुधवार शाम बाबूटोला गांव में अन्न्पूर्णा महायज्ञ देखने गए थे, तभी उत्तरी पारू पंचायत की मुखिया के पति मुकेश ठाकुर अपने कई सहयोगियों के साथ वहां पहुंचे और दोनों युवकों पर बाइक चोरी करने का आरोप लगाते हुए मारपीट की।

आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक गाली दी गई। महिला ने आरोप लगाया कि मुकेश के कहने पर ही मुखिया के भतीजे ने पीड़ित युवकों के मुंह में पेशाब कर दिया।

सुनीता के बयान के आधार पर पारू थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसमें मुखिया के पति सहित 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

मुखिया के पति मुकेश ठाकुर ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है।

इस मामले को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493