ेएंटिगा टेस्ट : ब्राथवेट और वेस्टइंडीज का संघर्ष जारी

नॉर्थ साउंड (एंटिगा), 23 जुलाई (आईएएनएस)। सर विवियन रिचर्डस स्टेडियम में भारत के साथ जारी पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को मेजबान वेस्टइंडीज ने भोजनकाल तक तीन विकेट के नुकसान पर 90 रन बना लिए हैं। क्रेग ब्राथवेट 46 रन बनाकर कैरेबियाई टीम के संघर्ष के प्रतीक बने हुए हैं।

मेजबान टीम पहली पारी की तुलना में अभी भी 476 रन पीछे है। भारत ने विराट कोहली के 200 और रविचंद्रन अश्विन के 113 रनों की मदद से आठ विकेट पर 566 रनों पर पहली पारी घोषित की थी।

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 31 रन बनाए थे। ब्राथवेट 11 और नाइटवॉचमैन देवेंद्र बीशू शून्य पर नाबाद लौटे थे।

कैरेबियाई टीम ने दूसरे दिन के अंतिम सत्र में राजेंद्र चंद्रिका (16) का विकेट गंवाया था।

तीसरे दिन ब्राथवेट ने बीशू के साथ पारी को आगे बढ़ाया और 38 रनों की साझेदारी की। बीशू को 12 के निजी योग पर अमित मिश्रा ने आउट किया। उस समय मेजबान टीम का कुल योग 68 रन था।

भोजनकाल की घोषणा से ठीक पहले मोहम्मद समी ने डारेन ब्रावो (11) को आउट करके कैरेबियाई टीम को तीसरा झटका दिया। ब्रावो ने 33 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका लगाया। उनका विकेट 90 के कुल योग पर गिरा।

भोजनकाल तक मार्लन सैमुएल्स बिना खाता खोले ब्राथवेट का साथ दे रहे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493