आप विधायक अमानतुल्ला गिरफ्तार, पार्टी ने आरोप खारिज किए (लीड-2)

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। पुलिस ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्ला खान को एक महिला को धमकाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया, लेकिन दिल्ली में सत्तारूढ़ दल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने आईएएनएस को बताया कि महिला ने खान पर उन्हें धमकाने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद खान को गिरफ्तार कर लिया गया।

रंजन ने कहा, “हम उन्हें अदालत में पेश करेंगे।”

गौरतलब है कि फरवरी 2015 में दिल्ली की सत्ता में काबिज होने के बाद खान आम आदमी पार्टी के 10वें विधायक हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।

आप ने अपने विधायकों का बचाव करते हुए नरेंद्र मोदी पर बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।

गौरतलब है कि एक 35 वर्षीय महिला ने 20 जुलाई को आप विधायक अमानतुल्ला खान पर कथित तौर पर धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी।

खान का कहना है कि जिस समय महिला को धमकी दी गई, तब वह दिल्ली में ही नहीं थे।

महिला द्वारा दर्ज शिकायत के मुताबिक, उसने 10 जुलाई को विधायक को फोन कर खस्ताहाल बिजली आपूर्ति से अवगत कराया, जिसके बाद वह दक्षिण दिल्ली के बाटला हाउस क्षेत्र में उनके निवास स्थान पर गई।

वहां मौजूद विधायक के एक समर्थक ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आप समर्थक ने उससे कहा कि वह विधायक के आदेश पर उसके साथ गाली-गलौच कर रहा है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने खान की गिरफ्तारी पर ट्वीट कर कहा, “मोदी जी ने एक और आप विधायक को गिरफ्तार कराया।”

उन्होंने कहा कि गुजरात में फर्जी मामलों में दलितों और पाटीदारों को गिरफ्तार किया जा रहा है और ऐसा ही दिल्ली में भी हो रहा है।

केजरीवाल ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “आनंदीबेन ने गुजरात में दलितों और पाटीदारों को फर्जी मामलों में जेल भेजा है। मोदीजी दिल्ली में लोगों को फर्जी मामलों में जेल भेज रहे हैं। दिल्ली और गुजरात अब एक-साथ लड़ेंगे।”

आप का कहना है कि शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस के दबाव में ऐसा कदम उठाया है। उन्होंने महिला का गुप्त तरीके से बनाया गया वीडियो भी जारी किया है, जिसमें महिला को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि एसएचओ विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगाने के लिए उससे कह रहे हैं।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, “एसएचओ, शिकायतकर्ता को अपनी शिकायत में दुष्कर्म का आरोप जोड़ने का भी दबाव बना रहे हैं।”

आप के एक अन्य नेता आशीष खेतान ने कहा, “एक और विधायक पर फर्जी आरोप लगाए गए हैं। इतिहास में आपातकाल के बाद मोदी राज को काले अक्षरों में लिखा जाएगा। यदि मोदी ऐसा सोचते हैं कि वे कारावास की काली छाया और पुलिस की यातनाओं से आप को कमजोर कर देंगे तो वह गलत हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493