रांची, 25 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड की मुख्य विपक्षी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता हेमंत सोरेन ने पुलिस अधिकारी अनुराग गुप्ता के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत अपने लिए ‘अपमानजनक शब्दों’ का इस्तेमाल करने की शिकायत दर्ज कराई है।
हेमंत रविवार रात यहां एक पुलिस स्टेशन पहुंचे और यह दावा करते हुए एक सीडी सौंपी कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) गुप्ता ने कांग्रेस नेता योगेंद्र साओ से मुलाकात के दौरान कहा कि उन्होंने (सोरेन सरकार) आपको जेल भेजा, वे जनजातीय लोग हैं, आपका समर्थन नहीं करेंगे।
झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत ने कहा कि गुप्ता के शब्द जनजातीय समुदाय के लोगों के लिए अपमानजनक हैं।
साओ को झारखंड टाइगर्स नामक एक जबरन वसूली गिरोह चलाने के लिए अक्टूबर 2014 में गिरफ्तार किया गया था। वह जुलाई 2013 से दिसंबर 2014 के बीच हेमंत की अगुवाई वाली झारखंड सरकार में कृषि मंत्री रह चुके हैं।
साओ 2001 के बेल्तू जनसंहार मामले में भी आरोपी हैं, जिसमें नक्सलियों ने झारखंड में 13 ग्रामीणों की हत्या कर दी थी।
सोरेन ने अपनी शिकायत में जिस सीडी का हवाला दिया है, वह वही सीडी है, जिसके बल पर विपक्ष दावा कर रहा है कि रघुवर दास की सरकार ने जून 11 के राज्यसभा चुनावों में ‘धांधली’ की है।
इसे 15 जुलाई को झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के नेता बाबूलाल मरांडी ने सार्वजनिक कर दिया था।
dharmpath.com dharmpath