चंडीगढ़, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय खिलाड़ियों और कोचों की योग्यता को निखारने के उद्देश्य से पंजाब खेल संस्थान आस्ट्रेलिया की सरकार के साथ जल्द ही समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वाला है।
भारत में आस्ट्रेलिया की उच्चायुक्त हरिंदर सिद्धू ने रविवार को यह बात कही।
उन्होंने साथ ही कहा कि आस्ट्रेलिया की सरकार ऐसा ही एक और समझौता ज्ञापन पटियाला के राष्ट्रीय खेल संस्थान के साथ करने पर विचार कर रही है।
पंजाब के अपने पहले दौरे पर आईं सिद्धू ने पंजाब के लुधियाना, जलंधर और अमृतसर को विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा है।
उन्होंने अपने दौरे पर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के साथ हुई बैठक में कहा, “वास्तु और इंजीनियरिंग में विशेषता के कारण आस्ट्रेलिया ने कई बार यह साबित किया है कि हम शहरी विकास में विशेष दक्षता रखते हैं।”
बादल ने आस्ट्रेलिया की उच्चायुक्त से शिक्षा, कुशल प्रशिक्षण, कृषि और शहरी विकास में सहयोग की मांग की है।
बादल ने उनसे उच्च उपज की गुणवत्ता वाले गेंहू के बीजों की भी मांग की है ताकि राज्य अपना उत्पादन बढ़ा सके।
dharmpath.com dharmpath