महिला को धमकाने वाले आप विधायक की पुलिस हिरासत बढ़ी

नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली की एक निचली अदालत ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्ला खान की पुलिस हिरासत एक दिन के लिए और बढ़ा दी।

अमानतुल्ला पर एक महिला को आपराधिक धमकी देने का आरोप है।

महानगर दंडाधिकारी शीतल चौधरी ने दिल्ली पुलिस को दक्षिणी दिल्ली के ओखला से विधायक अमानतुल्ला से एक दिन और पूछताछ करने की इजाजत दे दी और अमानतुल्ला की हिरासत 26 जुलाई तक के लिए बढ़ा दी।

उल्लेखनीय है कि एक 35 वर्षीय महिला ने 20 जुलाई को अमानतुल्ला के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी और आरोप लगाया था कि अमानतुल्ला ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

कथित घटना 10 जुलाई की है, जब शिकायतकर्ता महिला बाटला हाउस स्थित विधायक के घर अपने मुहल्ले में बिजली आपूर्ति की शिकायत करने गई थी।

कथित तौर पर अमानतुल्ला के एक समर्थक ने तब महिला के साथ गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

महिला ने आरोप लगाया है कि उस व्यक्ति ने विधायक की शह पर उन्हें अपशब्द कहे थे।

अमानतुल्ला ने भी शनिवार को एक मामला दर्ज करवाया और दावा किया है कि घटना वाले दिन वह दिल्ली में थे ही नहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493