गुड़गांव, 25 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी से सटे हरियाणा के गुड़गांव में एक गांव में सोमवार को एक 23 वर्षीय युवती अपनी दुधमुंही बच्ची के साथ मृत पाई गई।
पुलिस ने मृतका के पति और सास-ससुर पर दहेज-हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पटौदी पुलिस थाने के अधीन दौलताबाद कुनी गांव में नीरू अपनी बच्ची साक्षी के साथ मृत पाई गई।
पटौदी के थानाध्यक्ष हीरा सिंह ने आईएएनएस को बताया, “हमने नीरू के पति गोविंद और उसके माता-पिता कुंदन और शीला देवी के खिलाफ हत्या, दहेज हत्या और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया है।”
नीरू की लाश पशुबाड़े में लटकती हुई पाई गई, वहीं बच्ची की लाश घर में ही एक टंकी में तैरती मिली।
राजस्थान के अलवर जिले में थाडा गांव की रहने वाली नीरू का ब्याह दो साल पहले गोविंद से हुआ था।
नीरू के पिता मुकेश ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी और पोती को दहेज के कारण मार डाला गया और नीरू के ससुराल वाले बच्ची को जन्म देने के कारण उससे नाराज थे।
dharmpath.com dharmpath