नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और अनुप्रिया पटेल ने सोमवार को यहां स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी मूल्यांकन (एचटीए) पर अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन किया।
इस तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन संयुक्त रूप से स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (डीएचआर), आईसीएमआर, नेशनल इंस्टीट्यूट और हेल्थ एंड केयर एक्सेलेंस (नाइस) – इंग्लैंड और हेल्थ इंटरवेंशन एंड टेक्नोलॉजी असेस्मेंट प्रोग्राम (हाई टेप) – थाईलैंड ने किया है।
इस अवसर पर कुलस्ते ने कहा कि स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी मूल्यांकन (एचटीए) सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने और सरकार द्वारा पंचवर्षीय योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए बहुत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इसे सरकार की प्रतिबद्धता पूरी करने में मदद मिलेगी और देशवासियों को सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज के तहत लाने का उद्देश्य पूरा होगा।
मंत्री ने कहा कि देश के विकास के लिए यह आवश्यक है कि बेहतरीन स्वास्थ्य प्रणाली बनाई जाए।
कुलस्ते ने कहा कि सरकार सभी नागरिकों को सस्ती दर पर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए इंग्लैंड और थाईलैंड के अनुभवों से सीखना चाहती है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा, “भारत में सार्वजनिक स्वास्थ्य कवरेज बहुत जरूरी है और एचटीए इसका हल निकालने में सक्षम है। सरकार इस लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर है।”
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं पर अधिक खर्च करने की आवश्यकता है ताकि देश के आम लोगों को सस्ती दर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें, क्योंकि उन्हें इस समय इलाज और दवाओं पर बहुत खर्च करना पड़ता है।
पटेल ने कहा कि सरकार के लिए यह गंभीर चिंता का विषय है और उम्मीद की जाती है कि एचटीए से इस समस्या को हल कर लिया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath