उप्र : स्कूल वैन व ट्रेन की टक्कर में 10 बच्चों की मौत (लीड-2)

भदोही/नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के भदोही में सोमवार की सुबह एक मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर स्कूली बच्चों की वैन एक पैसेंजर ट्रेन ने टकरा गई, जिससे 10 बच्चों की मौत हो गई और अन्य 11 बच्चे घायल हैं।

हादसा उस समय हुआ, जब टेंडरहार्ट इंग्लिश स्कूल की मिनी बस एक मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर मंडुआडीह-इलाहाबाद पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन टकराने के बाद स्कूली बच्चों से भरी वैन के परखचे उड़ गए।

घायल बच्चों का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। हादसे के समय बस में 19 बच्चे सवार थे। आक्रोशित लोगों ने वैन में आग लगा दी। घटनास्थल पर पुलिस की टीम तैनात की गई है।

शुरुआती जांच में वैन चालक की लापरवाही के कारण यह बड़ा हादसा होने की बात सामने आई है।

रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने मृत बच्चों के परिवार को दो-दो लाख रुपये और घायल बच्चों के परिवार को एक लाख रुपये की मदद की घोषणा की।

यह हादसा वाराणसी-इलाहबाद रेलवे खंड के अंतर्गत आने वाले भदोही के कैयरमऊ मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ। इस रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ने ठेके पर गैंगमैन की ड्यूटी लगाई हुई है।

बताया जा रहा है कि गैंगमैन ने बस के चालक को रुकने का इशारा भी किया था, पर उसने ध्यान नहीं दिया और यह दर्दनाक हादसा हो गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को वाराणसी के बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के सर सुंदर लाल अस्पताल और पंडित दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल रेफर किया गया है।

पैसेंजर ट्रेन की भिड़ंत की सूचना पर डीआरएम सहित अन्य अफसर घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे ने हादसे की जांच का आदेश दिया है।

उधर, रेल मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया कि इस हादसे की जांच के लिए वाराणसी रेलखंड के अधिकारियों की एक कमेटी गठित की गई है।

वाराणसी में डीआरएम (पूर्वोत्तर रेलवे) एस.के. कश्यप ने बताया कि रेलवे के तीन वरिष्ठ अधिकारी जांच करेंगे, जेए ग्रेड की जांच होगी।

मौके पर मौजूद लोगों ने रेलवे के अफसरों को बताया कि मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर रेल मित्र ने स्कूल बस के चालक को बस रोकने का संकेत दिया था, लेकिन वह इतनी जल्दी में था कि बात अनसुनी कर दी। लापरवाही के कारण उसकी भी मौत हो गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493