भारतीय शॉट पुटर इंद्रजीत डोप टेस्ट में फेल (लीड-1)

नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। पहलवान नरसिंह यादव के के बाद अब भारत के गोला फेंक (शॉट पुटर) एथलीट इंद्रजीत सिंह डोप टेस्ट में फेल हो गए हैं। इंद्रजीत के मंगलवार को डोप टेस्ट में नाकाम होने की पुष्टि की गई।

इंचियोन एशियन खेलों-2014 में कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी इंद्रजीत ऐसे पहले भारतीय ‘ट्रैक एंड फील्ड’ एथलीट हैं, जिन्होंने रियो ओलम्पिक-2016 के लिए क्वालीफाई किया।

सूत्रों के अनुसार, इंद्रजीत की जांच 22 जून को की गई थी और उनके शरीर में प्रतिबंधित दवा ‘एंड्रोस्ट्रोने’ तथा ‘एटियोकोलानोलोने’ की मात्रा मिली है।

राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने इंद्रजीत को उनके ‘बी’ नमूने की जांच जल्द से जल्द कराने का आदेश दिया है।

इंद्रजीत के ‘बी’ नमूने का परिणाम भी अगर पॉजीटिव आता है, तो वह रियो ओलम्पिक में हिस्सा नहीं ले पाएंगे और इस कारण ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल की संख्या घटकर 118 हो जाएगी।

इंद्रजीत ने हालांकि, निर्दोष होने का दावा करते हुए कहा कि उनके खिलाफ साजिश हो रही है।

उन्होंने आईएएनएस को फोन पर दिए अपने बयान में कहा, “मेरे खिलाफ यह गंभीर साजिश है। वरना कोई ओलम्पिक खेलों से पहले इस प्रकार की बेवकूफी क्यों करेगा?”

इंद्रजीत का दावा है कि वह हमेशा से ही इस चीज के खिलाफ रहे हैं कि भारतीय एथलीटों को सरकार तथा विभिन्न खेल महासंघों का सामना करना पड़ता है और उनकी आवाज को दबाया जाता है।

अपने बयान में इंद्रजीत ने कहा, “मेरे नमूने के जरिए मुझे इस आरोप में फंसाए जाने की कोशिश की जा रही है। मेरे पदक जीतने के अवसर थे और कई लोगों का मानना हा कि यह मुझे भारतीय खेल जगत में लोकप्रिय बना सकता है और तब मैं उनके लिए अधिक परेशानियां खड़ी कर सकता हूं। नाडा ने हाल के माह में मेरा करीब पांच बार परीक्षण किया और हमेशा मैं इसमें सफल रहा।”

नाडा के महानिदेशक नवीन अग्रवाल का कहना है कि हाल के दिनों में कई भारतीयों का डोप टेस्ट पॉजीटिव आया है और उनमें से केवल दो खिलाड़ी नरसिंह और इंद्रजीत ही रियो ओलम्पिक-2016 में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल के सदस्य हैं।

अग्रवाल ने एक समाचार चैनल को दिए अपने बयान में कहा, “इनके अलावा रियो में हिस्सा लेने वाले किसी अन्य भारतीय एथलीट का टेस्ट पॉजीटिव नहीं आया है।”

इंद्रजीत का नाम लेने से कतरा रहे अग्रवाल ने कहा कि ट्रैक और फील्ड एथलीट प्रतिबंधित दवा ‘स्टेरॉयड’ के दुरुपयोग की चपेट में है और नाडा लगातार उनकी जांच कर रहा है।

उन्होंने कहा, “अन्य एथलीटों की तुलना में ट्रैक और फील्ड एथलीट डोपिंग नियमों का अधिक उल्लंघन करते हैं। हम नियमित रूप से उनकी जांच करते रहते हैं, ताकि वह इन चीजों पर ध्यान दें।”

अग्रवाल ने कहा, “एक एथलीट के ‘ए’ नमूने की जांच का परिणाम पॉजीटिव आया और कई और परिणाम आने बाकी हैं। पिछली शाम उन्हें इस बारे में नोटिस जारी किया जा चुका है। मैं उस एथलीट का नाम जाहिर नहींम कर सकता और न ही यह बता सकता हूं कि वह रियो ओलम्पिक-2016 में जाएंगे कि नहीं? यह उनके ‘बी’ नमूने की जांच के बाद स्पष्ट हो जाएगा।”

नाडा के प्रमुख ने हालांकि, इंद्रजीत के हाल के माह में पांच बार जांच होने के दावे को खारिज किया है।

अग्रवाल ने कहा, “एक टेस्ट मई में हुआ था, जो नेगेटिव था, लेकिन जून में होने वाली जांच में उन्होंने हिस्सा नहीं लिया। जब भी प्रतियोगिता होती थी, उनकी जांच होती थी और प्रतियोगिता न होने के तर्ज पर दो बार उनकी जांच हुई है।”

अग्रवाल ने बताया कि ‘बी’ नमूने की जांच के परिणाम में एक सप्ताह का समय लगेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493