भुवनेश्वर, 26 जुलाई (आईएएनएस)। अगले महीने शुरू होने वाले रियो ओलम्पिक-2016 के लिए क्वालीफाई करने वाले ओडिशा के छह खिलाड़ियों को राज्य सरकार 10-10 लाख रुपये का इनाम देगी।
राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को इस बात की घोषणा की।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी किए गए बयान के अनुसार ओडिशा खनन निगम हर खिलाड़ी को 10 लाख रुपये का पुरस्कार देगी।
राज्य से छह महिला खिलाड़ियों ने रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया है जिसमें धावक श्राबानी नंदा और दुती चंद के अलावा भारतीय महिला हॉकी टीम की चार खिलाड़ी दीप ग्रेस इक्का, नमिता टोप्पो, लिलिमा मिंज और सुनीता लाकड़ा है।
पटनायक ने कहा है कि विशेष प्रोत्साहन से खिलाड़ियों को ओलम्पिक की तैयारी में फायदा होगा।
उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि छह महिला खिलाड़ी वहां से अच्छा प्रदर्शन कर लौटेंगी और राज्य एवं देश को गौरवान्वित करेंगी।”
पटनायक ने साथ ही खेल विभाग को ओलम्पिक में क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों को दी जाने वाली इनामी राशि में इजाफा करने के भी आदेश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि ग्रुप और एकल स्पर्धा के खिलाड़ियों को दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर पांच लाख कर देना चाहिए।
इससे पहले ग्रुप स्पर्धा के लिए यह राशि 50,000 रुपये और एकल स्पर्धा के लिए यह राशि एक लाख रूपये थी।
दुती चंद ने आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में कहा था कि, “जब मैं सरकार से मदद मांगती हूं तो मुझे बहुत बुरा लगता है। मैंने राज्य और देश को सम्मान दिलाया है। फिर क्यों मुझे मदद मांगनी पड़ती है? मझे भिखारियों जैसा महसूस होता है। सरकार को खुद मदद करनी चाहिए, लेकिन मुझे उनके सामने भीख मांगनी पड़ती है।”
दुती ने 100 मीटर दौड़ के लिए क्वालीफाई किया है जबकि श्रबानी ने 200 मीटर दौड़ के लिए क्वालीफाई किया है। दोनों ने 400 मीटर रिले रेस के लिए भी क्वालीफाई किया है।
dharmpath.com dharmpath