नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फ्रेंचाइजी दिल्ली डायनामोज ने लीग के तीसरे संस्करण के लिए चिंग्लेनसाना सिंह कोशाम, अर्जुन टुडु और रुपर्ट नोंग्रम के साथ करार किया है।
फ्रेंचाइजी ने बुधवार को इस बात की घोषणा की।
टुडु आर्मी एकादश के शानदार स्ट्राइकर माने जाते हैं जबकि मिडफील्डर नोंग्रम और डिफेंडर चिंग्लेनसाना शिलांग लाजोंग छोड़कर डायनामोज में आ रहे हैं।
यह तीनों खिलाड़ी आईएसएल के इस सत्र से लीग में पदार्पण करेंगे।
डायनामोज के मुख्य कोच गिआनलुका जामब्रोटा ने कहा, “मैं तीन नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल कर काफी खुश हूं। संतुलित टीम बनाना हमेशा डीडीएफसी की प्राथमिकता रही है और इन तीनों के करार से यह बात सिद्ध होती है।”
जमशेदपुर के छोटे गावं से आने वाले टुडु संतोष ट्रॉफी-2016 में सर्विस की टीम से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे थे। उन्होंने ट्रॉफी में टीम के लिए 10 गोल किए थे।
नोंग्रम ने शिलांग लाजोंग के साथ 2015 में पदार्पण किया था। वह यहां युवा टीम से आए थे। 2010 में उन्होंने अपने खेल से सभी को काफी प्रभावित किया था। 19 वर्षीय यह खिलाड़ी इस साल क्लब के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं।
19 वर्षीय रुपर्ट भी शिलांग से डायनामोज में आ रहे हैं। इस युवा खिलाड़ी ने 2010 में महिन्द्रा युनाइटेड के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी।
dharmpath.com dharmpath