बेंगलुरू, 27 जुलाई (आईएएनएस)। हीरो महिला पेशेवर गोल्फ टूर के 11वें संस्करण के पहले दिन बुधवार को दिल्ली की अंकिता तिवाना और स्थानीय खिलाड़ी शर्मिला निकोलेट संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहीं।
दोनों खिलाड़ियों ने 7,00,000 रुपये के इनामी प्रतियोगिता के पहले दौर में 1-अंडर 71 का स्कोर किया।
इनके पीछे मेहर अटवाल और पिछले चरण की विजेता अमनदीप द्राल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर चल रही हैं। दोनों ने पार 72 का स्कोर किया।
अंकिता ने सावधानी से दिन की शुरुआती की और चौथे एवं नौवें होल पर क्रमश: बोगी और बर्डी लगाई।
मध्यांतर के बाद वह 13वें होल पर एक शॉट से चूक गईं। उन्होंने 12वें और 16वें होल पर बर्डी लगाते हुए दिन का सर्वोच्च स्कोर हासिल किया।
शर्मिला ने नौवें होल पर बर्डी लगाई। इससे पहले वह दूसरे और सातवें होल पर एक शॉट से चूक गई थीं। मध्यांतर के बाद उन्होंने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए 13वें, 14वें और 18वें होल पर बर्डी लगाए। 12वें होल पर शॉट चूकने के कारण उन्हें अंकिता के साथ शीर्ष स्थान साझा करना पड़ा।
दिल्ली की मेहर ने दूसरे होल में बर्डी लगाकर अच्छी शुरुआत की। हालांकि वह चौथे और सातवें होल में पर शॉट चूक गईं। इसके बाद उन्होंने 12वें और 13वें होल में लगातार दो बर्डी हासिल कीं, लेकिन इससे पहले 11वें होल में वह बोगी लगा चुकी थीं जिसका नुकसान उन्हें भुगतना पड़ा।
अमनदीप ने दूसरे और आठवें होल में दो बर्डी लगाते हुए अच्छी शुरुआत की। 17वें और 18वें होल पर लगातार दो बोगी खेलने के कारण वह अंडर पार स्कोर हासिल नहीं कर सकीं।
dharmpath.com dharmpath