नई दिल्ली-देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब अपने आखिरी दौर में पहुंच गया है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून की वापसी 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान से शुरू हो सकती है. सामान्य तौर पर पश्चिमी राजस्थान से मानसून की विदाई करीब 17 सितंबर से शुरू होती है. लेकिन, इस साल वापसी सामान्य तारीख से करीब दो दिन देर से शुरू होने की संभावना है. हालांकि, मानसून पूरी तरह विदा होने से पहले देश के कई हिस्सों में बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है. दूसरी ओर, कुछ राज्यों पर बारिश अब नहीं होने का पूर्वानुमान जताया गया है.
इस बार मानसूनी सीजन में देश की कुल बारिश सामान्य से काफी कम रही है. 13 सितंबर तक देश में मानसून की बारिश सामान्य से 15 फीसदी कम रही. जून में स्थिति और भी खराब थी, जब देश में बारिश की कमी 40 फीसदी तक पहुंच गई थी. जुलाई में हुई व्यापक बारिश ने इस कमी को काफी हद तक कम किया. जुलाई के अंत तक घाटा 13 फीसदी रह गया. अगस्त के अंत में यह 14 फीसदी था, जो 13 सितंबर तक फिर बढ़कर 15 फीसदी हो गया.
dharmpath.com dharmpath