छिंदवाड़ा-मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की कमी एक बार फिर उजागर हुई है। हथोड़ा गांव के लोहरी मोहल्ले में प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए परिजन खटिया पर लिटाकर उफनती नदी पार कराने निकले लेकिन रास्ते में ही महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। नदी पार कराने के बाद भी काफी देर तक एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची थी। जिसके चलते जच्चा और नवजात को आखिरकार बाइक से अस्पताल ले जाना पड़ा। इस पूरी घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, लोहरी मोहल्ले में करीब 20 परिवार रहते हैं। इस बस्ती तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को नदी पार करनी पड़ती है। बरसात के दौरान नदी में पानी बढ़ने से गांव का संपर्क बाहरी क्षेत्रों से लगभग कट जाता है। जिसकी वजह से मरीजों और अन्य जरूरतमंद लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
dharmpath.com dharmpath