हरदा-मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा इन दिनों एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। उन पर हरदा जिले में सड़क निर्माण से जुड़ी एक कंपनी को कथित रूप से करोड़ों रुपए का फायदा पहुंचाने और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। यह खुलासा आरटीआई के तहत मिली जानकारियों से हुआ है।
मध्य प्रदेश के आरटीआई कार्यकर्ता आनंद जाट ने जानकारियों के आधार पर आरोप लगाया आईएएस अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने कंपनी पर लगे 51 करोड़ के जुर्माने को घटाकर मात्र 4032 रुपए कर दिए हैं जो कि संदिग्ध है। उनका कहना है कि इससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।
खुद पर लगे इन आरोपों को खारिज करते हुए खंडवा जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने कहा, “मैंने सभी दस्तावेजों और अधिवक्ता के तर्कों के आधार पर आदेश पारित किया। किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है।” हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने भी स्पष्ट किया कि यह निर्णय मजिस्ट्रेट स्तर पर उपलब्ध तथ्यों और दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद लिया गया। उन्होंने कहा कि यदि कोई पक्ष असंतुष्ट है तो अपील का विकल्प मौजूद है।
dharmpath.com dharmpath