एनसीआर-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भीषण गर्मी और हीट वेव का असर लगातार बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा, जिससे लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा. विभाग ने स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 24 और 25 अप्रैल को तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. इन दोनों दिनों में दोपहर और शाम के समय हीट वेव का प्रभाव सबसे ज्यादा रहेगा.
26 अप्रैल से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, जहां आंशिक बादल छाने की संभावना है और तापमान 42/26 डिग्री के आसपास रह सकता है. 27 और 28 अप्रैल को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के बाद हल्की बारिश की संभावना बन रही है, जिससे गर्मी में कुछ हद तक कमी आ सकती है.
dharmpath.com dharmpath