काठमांडू-अमेरिकी टेक दिग्गज NVIDIA के CEO जेन्सेन हुआंग ने नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बीच मदद का बड़ा हाथ बढ़ाया है. उन्होंने नेपाल के प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में 10 मिलियन डॉलर का योगदान दिया है. नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले के मुताबिक, यह राशि रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की राहत और सहायता के लिए दी गई है. एक वीडियो संदेश में वाग्ले ने एनविडिया के संस्थापक और सीईओ जेन्सेन हुआंग का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि इस योगदान की बदौलत प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में कुल दान की राशि 10 अरब नेपाली रुपये (करीब 66 मिलियन अमेरिकी डॉलर) से अधिक हो गई है.
नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीआरआरएमए) की ताजा स्थिति रिपोर्ट के अनुसार, रसुवा में आई विनाशकारी बाढ़ में अब तक 1,259 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि गुरुवार शाम तक 5,053 लोग अब भी लापता हैं. पिछले सप्ताह आई इस भीषण बाढ़ के बाद से नेपाल को कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से अलग-अलग तरह की सहायता मिल रही है.
dharmpath.com dharmpath