मुख्यमंत्री ने कहा,’प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी गंगा पूजन के साथ इस कुंभ का शुभारंभ कर चुके हैं. 17 जनवरी के आसपास राष्ट्रपति जी का भी आगमन प्रस्तावित है और फरवरी के महीने में उप राष्ट्रपति का भी आगमन कुंभ के दौरान होगा.’
‘जनवरी में 5,000 प्रवासी भारतीय कुंभ मेले में भी आएंगे’
उन्होंने कहा,’वाराणसी में प्रवासी भारतीय दिवस होने जा रहा है. जनवरी में 5,000 प्रवासी भारतीय कुंभ मेले में भी आएंगे.’ योगी आदित्यनाथ ने कहा,’हम करीब 11 बजे से ही पूरे कुंभ क्षेत्र में घूमकर सुविधाओं को देख रहे हैं. हमारा एक ही भाव है कि यहां आने वाले किसी भी श्रद्धालु को कोई कष्ट न हो. यह हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी बनती है कि इस मेले में आने वाला हर व्यक्ति अच्छा अनुभव लेकर जाए.’
मुख्यमंत्री ने कहा,’कुंभ मेले के लिहाज से हमने प्रयागराज के लिए बहुत कुछ नया करने का प्रयास किया है. डेढ़ वर्ष से कम अवधि में 10 से अधिक फ्लाईओवर, छह अंडरपास, 264 से अधिक सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण, 64 से अधिक चौराहों का सुंदरीकरण होना, अक्षयवट और सरस्वती कूप के दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना, कुंभ के क्षेत्रफल का विस्तार होना.. ये बहुत सी ऐसी चीजें हैं जो पहली बार लोगों को देखने को मिलेगा.’
dharmpath.com dharmpath
