इंफाल-प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर की जनता से शांति की राह पर आगे बढ़ने की अपील की है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार मणिपुर के हर नागरिक के साथ खड़ी है, और उनके सपनों को पूरा करने में मदद करेगी. प्रधानमंत्री ने कहा हाल ही में हिल्स और वैली के कई संगठनों के साथ समझौतों के लिए बातचीत हुई, जो सरकार की उस नीति का हिस्सा है. जिसमें सम्मान और संवाद के जरिए स्थायी शांति स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा मणिपुर की हिंसा न केवल वर्तमान बल्कि हमारे पूर्वजों और आने वाली पीढ़ियों के साथ भी अन्याय है, इसलिए इसे खत्म करना हम सबकी जिम्मेदारी है.
शनिवार को पीएम मोदी मणिपुर का दौरा कर रहे थे. इस दौरान, उन्होंने चूड़ाचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और इंफाल में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया. उन्होंने मणिपुर को मां भारती के मुकुट का रत्न बताते हुए कहा कि इस धरती की विकासवादी छवि को लगातार मजबूत करना होगा. पीएम मोदी ने जोर दिया कि मणिपुर में अब तेजी से सड़क, रेलवे और डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ रही है. जीरीबाम-इंफाल रेलवे लाइन बहुत जल्द राजधानी इंफाल को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी, जिससे पहाड़ी और ट्राइबल इलाकों को बड़ा लाभ मिलेगा.
dharmpath.com dharmpath