जम्मू-अमरनाथ यात्रा पर एक बार फिर मौसम का असर देखने को मिला. शनिवार को जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से श्रद्धालुओं का कोई नया जत्था कश्मीर के लिए रवाना नहीं किया गया. इसकी वजह जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे का लगातार दूसरे दिन भी बंद रहना है. अधिकारियों के अनुसार, इलाके में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है. सड़क की मरम्मत का काम जारी है, लेकिन बारिश बार-बार काम में रुकावट डाल रही है. ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल यात्रा को जम्मू से रोक दिया गया है. जब तक हाईवे सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक नए जत्थों को आगे भेजने का फैसला नहीं लिया जाएगा.
अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर जिले के लाधा-समरोली इलाके में सड़क को ठीक करने का काम चल रहा है. पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश से सड़क कई जगह खराब हो गई थी. शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा का काफिला निकलने के बाद हाईवे के दोनों तरफ आम आवाजाही रोक दी गई, ताकि मरम्मत का काम तेजी से पूरा किया जा सके. लेकिन उसके बाद फिर बारिश शुरू हो गई, जिससे सड़क पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई. ऐसी स्थिति में बड़े वाहनों और यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित नहीं मानी जा रही है. रामबन और उधमपुर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई है, जिससे काम पूरा होने में और समय लग सकता है.
dharmpath.com dharmpath