नई दिल्ली-अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (भारतीय समयानुसार शनिवार) को घोषणा की है कि वह सीएनएन, एमएस नाउ और पॉलिटिको को ह्वाइट हाउस में प्रवेश करने से रोक लगा रहे हैं.
उन्होंने इन मीडिया संस्थानों की रिपोर्टिंग को प्रतिकूल बताते हुए उन पर ‘फेक न्यूज़’ फैलाने का आरोप लगाया. ट्रंप ने यह भी धमकी दी कि आने वाले समय में कुछ और मीडिया संस्थानों पर भी इस तरह की पाबंदी लगाई जा सकती है.
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में ह्वाइट हाउस और मीडिया के बीच टकराव पहले से ज्यादा बढ़ा है. इससे पहले, ट्रंप ने पिछले साल एसोसिएटेड प्रेस के पत्रकारों को ओवल ऑफिस, एयर फोर्स वन और अन्य कार्यक्रमों में प्रवेश करने से रोक लगा दिया था.
ट्रंप व्यक्तिगत रूप से या सोशल मीडिया पर भी पत्रकारों पर हमलावर रहे हैं. कई बार उन्होंने पत्रकारों के खिलाफ बेहद निजी टिप्पणियां भी की हैं.
एसोसिएट प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, तत्काल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि वह इस नई पाबंदी को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि तत्काल प्रभाव से वह सीएनएन, एमएस नाउ और पॉलिटिको को ह्वाइट हाउस से प्रतिबंधित कर रहे हैं, क्योंकि ये संस्थान लगातार ‘फेक न्यूज़’ की ‘रिपोर्टिंग’ कर रहे हैं.
ट्रंप ने लिखा, ‘जब मीडिया संस्थान अमेरिका के राष्ट्रपति, ट्रंप प्रशासन या संयुक्त राज्य अमेरिका की रिपोर्टिंग करते हैं, तब उन्हें लगातार मनगढ़ंत कहानियां और झूठ प्रकाशित करने या रिपोर्ट करने की अनुमति नहीं होनी चाहिए.’
dharmpath.com dharmpath