इंदौर – नामी सयाजी होटल और क्लब की किचन में खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। गुरुवार रात करीब 10.30 बजे खाद्य विभाग और एफएसएसएआई पश्चिम क्षेत्र की संयुक्त टीम ने अचानक जांच की। निरीक्षण में 66 किलो बिना पैकिंग और निर्माण तिथि के नॉनवेज खाद्य सामग्री, खराब खाद्य पदार्थ, जंग लगे बर्तन और किचन में कॉकरोच व चूहों की मौजूदगी सहित कई खामियां मिली। टीम ने पनीर, नॉनवेज, मूंगफली, सौंफ और ड्रायफ्रूट्स समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।
जांच के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी, एफएसएसएआई पश्चिम रीजन के अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर रितु जाट और तहसीलदार सपना शर्मा समेत अन्य अधिकारी सयाजी होटल के किचन पहुंचे। यहां कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉनवेज सामग्री एक साथ रखी मिली। करीब 66 किलो नॉनवेज बिना पैकिंग के था और उस पर निर्माण तिथि से संबंधित लेबल भी नहीं लगा था। सीफूड, चिकन और मटन को भी अलग-अलग रखने के बजाय साथ में रखा गया था।
सब्जियां रखने वाले स्टोर में सड़े हुए आलू और टमाटर मिले। मूंगफली में फंगस पाई गई। इसके अलावा कई खाद्य उत्पाद उचित लेबल के बिना रखे हुए थे। इन खामियों को देखते हुए खाद्य विभाग ने अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे।
जांच में यह भी पता चला कि सयाजी होटल के पास एफएसएसएआई का सेंट्रल कैटेगरी लाइसेंस नहीं था। तीन सितारा श्रेणी से ऊपर के होटलों के लिए सेंट्रल और रीजनल दोनों कैटेगरी का लाइसेंस जरूरी है। होटल के उपलब्ध लाइसेंस में नॉनवेज शामिल नहीं था। इसके बावजूद वहां नॉनवेज खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी।
इसके अलावा बिना संबंधित लाइसेंस के बेकरी आइटम और मिठाई बनाने का काम भी संचालित होता मिला। शुगर पाउच पर सयाजी नाम दर्ज था। जबकि, संबंधित उत्पाद या श्रेणी लाइसेंस में दर्ज नहीं थी।
dharmpath.com dharmpath