भोपाल-मध्य प्रदेश के जबलपुर के रांझी क्षेत्र स्थित बापू नगर निवासी 38 वर्षीय अमित कुमार को अटल पेंशन योजना में सालों तक नियमित और अनुशासित योगदान देने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। आगामी 15 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उन्हें सम्मान प्रदान करेंगी। इसके साथ ही अमित को राष्ट्रपति के साथ आयोजित औपचारिक भोज में भी आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रपति भवन से उन्हें आधिकारिक निमंत्रण पत्र और यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की जानकारी भेजी गई है।
अमित कुमार का चयन देशभर के उन 10 लाभार्थियों में हुआ है जिन्हें भारत सरकार ने इस सम्मान के लिए चुना है। अटल पेंशन योजना में उनकी लगातार भागीदारी और बिना किसी चूक के प्रीमियम जमा करने की आदत को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने साल 2018 में इस योजना से जुड़कर हर महीने 130 रुपये का प्रीमियम जमा करना शुरू किया था और तब से नियमित रूप से भुगतान कर रहे हैं। योजना के नियमों के अनुसार, 60 साल की आयु पूरी होने पर उन्हें हर महीने 3 हजार रुपये की पेंशन मिलेगी।
dharmpath.com dharmpath