नई दिल्ली – इस बार दिवाली के मौके पर घर सजाने से लेकर मिठाई और गिफ्ट खरीदने तक, सबकुछ महंगा साबित हो रहा है। दिवाली और छठ की खरीदारी कर रहे लोगों को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। टीवी, एसी जैसे घरेलू उपकरणों की कीमतें बढ़ गई हैं। वहीं पारंपरिक मिठाइयों के दाम भी आसमान छू रही हैं। सूखे मेवों में पिस्ता के दाम लगभग दोगुने हो गए हैं। ऐसे में त्योहार की खरीदारी के लिए लोगों को पहले से ज्यादा बजट बनाना पड़ सकता है।
यह बढ़ोतरी भारत के सबसे बड़े शॉपिंग सीजन के दौरान हो रही है। हालांकि, रिटेलर्स को बिक्री मूल्य में अच्छी वृद्धि की उम्मीद है, लेकिन बेचे गए उत्पादों की संख्या में उतनी तेजी से बढ़ोतरी के आसार कम नजर आ रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेलर विजय सेल्स ने इस त्योहारी सीजन में वैल्यू के मामले में करीब 20 फीसदी की बढ़ोतरी की उम्मीद जताई है। इसका एक कारण कीमतों में बढ़ोतरी है; वहीं, यूनिट वॉल्यूम में वृद्धि सिंगल डिजिट में रहने की संभावना जताई गई है।
मनीकंट्रोल में छपी खबर के मुताबिक, विजय सेल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर नीलेश गुप्ता ने कहा कि लोग किस्तों में लोग ज्यादा सामान खरीद रहे हैं। अब लगभग 70 फीसदी खरीदारी लोग EMI के जरिए कर रहे हैं। इससे ग्राहकों को आर्थिक बोझ महसूस नहीं होता है। त्योहारी सीजन बहुत अच्छा रहा है। हमें उम्मीद है कि वैल्यू के लिहाज से ग्रोथ डबल डिजिट में रहेगी। वहीं यूनिट वॉल्यूम की ग्रोथ सिंगल डिजिट में रहेगी। ग्राहक अब अधिक समझदारी से खरीदारी कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath