भोपाल-राजधानी भोपाल में रहवासी इलाकों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में व्यापारी सड़कों पर उतर आए। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के नेतृत्व में कारोबारियों ने न्यू मार्केट से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च किया लेकिन रोशनपुरा चौराहे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई और कुछ व्यापारी गिर भी गए।
करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान व्यापारी मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात की मांग करते रहे। उनका कहना था कि केवल प्रशासनिक आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं होगा। आंदोलनकारियों ने सीलिंग अभियान पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसीपी अखिल पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ई रिक्शा पर खड़े होकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। पुलिस प्रशासन ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बजाय एसडीएम को ज्ञापन सौंपने का विकल्प दिया लेकिन व्यापारी इसके लिए तैयार नहीं हुए। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देने से इनकार कर दिया और मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग पर कायम रहे।
dharmpath.com dharmpath