भोपाल-राजधानी भोपाल में स्वाइन फ्लू (H1N1) संक्रमण से इस साल पहली मौत दर्ज की गई है। एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे 80 वर्षीय राम सिंह ने गंभीर सांस संबंधी बीमारी के चलते दम तोड़ दिया। वे पहले से हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर और टाइप 2 डायबिटीज जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शहर में अब तक H1N1 के 65 मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें 45 मरीज पिछले 12 दिनों में मिले हैं।
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच भोपाल में फिलहाल H1N1 की नियमित जांच केवल एम्स में उपलब्ध है। गांधी मेडिकल कॉलेज में अभी जांच की नियमित सुविधा शुरू नहीं हुई है। इसके बावजूद गंभीर लक्षणों वाले मरीजों को प्राथमिकता देकर टेस्ट किए जा रहे हैं। अब तक ऐसे 232 मरीजों की जांच हो चुकी है।
मौसम में बदलाव, नमी और ठंडक के बीच शहर के अस्पतालों की ओपीडी में सर्दी-खांसी, बुखार और सांस से जुड़ी शिकायतों वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। पिछले करीब तीन महीनों से इस तरह के लक्षण वाले मरीज लगातार सामने आ रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath