मुंबई, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। तकनीक प्रेमी महानायक अमिताभ बच्चन ने गुरुवार को सेलिब्रिटी वीडियो ब्लॉगिंग ऐप ‘वकाऊ’ को लांच किया।
अमिताभ (73) सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी सक्रिय हैं। वह अपने प्रशंसकों के साथ आए दिन अपने विचार और निजी पल साझा करते रहते हैं।
अमिताभ ने ‘वकाऊ’ से जुड़ने के बारे में आईएएनएस को बताया और कहा, “यह बहुत अनोखा है। यह ऐसा ऐप या एप्लीकेशन है, जिसका आपके स्मार्टफोन में डाउनलोड होना जरूरी है और एक बार डाउनलोड होते ही, आपके सामने उन अलग-अलग हस्तियों की सूची आ जाएगी, जो वकाऊ पर हैं।”
उन्होंने कहा, “आप इसमें अपनी पसंदीदा सेलिब्रिटी को पंच कर सकते हैं और उसके बाद वे विभिन्न मुद्दों पर बोलेंगे। ये उनकी जिंदगी की बहुत गहन बातें व अहम पल हो सकते हैं या फिर वे इसके जरिए आपको अपने घर की सैर करा सकते हैं।”
अमिताभ ने कहा कि यह एप सेलिब्रिटी के लिए अपने शुभचिंतकों एवं प्रशंसकों से जोड़ने की एक और बेहतरीन सुविधा है।
वकाऊ के जरिए मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, अर्जुन कपूर, आयुष्मान खुराना, निरहुआ, शान, मंजू वारियर, तमन्ना भाटिया, सोफी चौधरी, अरमाना मलिक और एली अवराम भी अपने प्रशंसकों से जुड़ेंगे।
यह वीडियो ब्लॉगिंग एप्लीकेशन आईओएस, विंडो और एंड्रॉयड फॉर्मेट पर उपलब्ध है।
dharmpath.com dharmpath