कोलकाता, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में 91 स्थानीय निकायों के लिए शनिवार को कराए जा रहे चुनाव में हिंसा देखी गई। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और अन्य गोली लगने से घायल हो गया।
कोलकाता, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में 91 स्थानीय निकायों के लिए शनिवार को कराए जा रहे चुनाव में हिंसा देखी गई। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और अन्य गोली लगने से घायल हो गया।
एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम तीन घंटे में 20 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
बर्दवान के कटवा में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता इंद्रजीत सिंह की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि उत्तर 24 परगना में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया।
बर्दवान की जिलाधिकारी सौमित्रा मोहन ने बताया, “इंद्रजीत को एक अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी। हमने घटना के संबंध में रिपोर्ट मांगी है, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और हम शांति एवं सुरक्षा बहाली के लिए हर संभव उपाय कर रहे हैं।”
राज्य निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया, “सुबह 10 बजे तक करीब 20 फीसदी मतदान हुआ है। हमें विभिन्न जिलों में हिंसक घटनाओं की खबर मिली है और हमारी उस पर नजर है। हमें उत्तर 24 परगना में गोलीबारी की खबर मिली है, हम विभिन्न पहलुओं पर नजर बनाए हुए हैं।”
उत्तर 24 परगना के टीटागढ़ में एक मतदाता के पैर में गोली मारी गई, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी(माकपा) नेता गोविंद पाल ने आरोप लगाया कि तृणमूल के गुंडों ने उस पर गोलियां चलाईं, लेकिन वह बच निकले।
दार्जीलिंग से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एस.एस.आहलुवालिया ने आरोप लगाया कि सिलिगुड़ी नगरपालिका चुनाव में खड़े हुए विभिन्न पार्टियों के उम्मीदवार और कार्यकर्ताओं पर तृणमूल के गुंडों ने हमला किया है।
आहलुवालिया ने कहा, “मध्य रात्रि से तृणमूल के गुंडे हमारे लोगों पर हमला कर रहे हैं। हमारे उम्मीदवारों के साथ मारपीट की गई है, पार्टी कार्यकर्ता एवं मतदान एजेंटों पर हमला किया गया है। तृणमूल ने आतंक का माहौल तैयार कर दिया है।”
दो नगरनिगमों (सिलिगुड़ी और चंदननगर), 88 नगरपालिकाओं तथा एक अधिसूचित इलाके में स्थित 1,946 वार्डो के लिए कराए जा रहे चुनाव में 7,636 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके लिए करीब 74 लाख मतदात अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
मतदान के लिए कुल 8,756 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिसमें से 2,318 संवेदनशील और 2,142 अत्यधिक संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों, केंद्रीय सुरक्षा बलों की 35 टुकड़ियों को तैनात किया गया है।
चुनाव के नतीजे 28 अप्रैल को घोषित होंगे।
dharmpath.com dharmpath