हरिद्वार, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने यहां गुरुवार को समरसता सम्मेलन का शुभारंभ किया और कहा कि बाबा साहब अंबेडकर को भारत रत्न सम्मान भाजपा के शासनकाल में मिला था।
सच तो यह है कि डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न सम्मान वर्ष 1990 में जनता दल के शासनकाल में मिला था और उस समय विश्वनाथ प्रताप सिंह प्रधानमंत्री थे। भाजपा उस सरकार को बाहर से समर्थन दे रही थी। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती के मुताबिक, अंबेडकर को भारत रत्न सम्मान दिए जाने से नाराज होकर भाजपा ने समर्थन वापस ले लिया था, सरकार गिरा दी थी।
हरिद्वार के बीएचईएल ग्राउंड में आयोजित समरसता सम्मेलन में अमित शाह ने सबसे पहले बाबा साहब अंबेडकर को नमन किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि उन महामानव के कारण ही भारत आज दुनिया का नेतृत्व कर रहा है।
शाह ने कहा कि बाबा साहब ने भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए संविधान बनाया। समाज के अंतिम से अंतिम व्यक्ति का विकास करने के आशय से भाजपा की उत्पत्ति हुई है।
भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि बाबा साहब को भारत रत्न भी भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान मिला। लगातार सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने कभी भी इसका प्रयास नहीं किया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर के नाम से अन्य लोग राजनीति कर रहे हैं। इस सबसे इतर भाजपा ने बाबा साहब से जुड़े स्थानों का उद्धार किया। बाबा साहब के जन्मस्थान पर भाजपा ने एक विशाल स्मारक बनाया है।
अमित शाह ने कहा, “अगर भारत को आगे ले जाना है तो दबे और शोषित लोगों को आगे ले जाना होगा। जब तक गांव का विकास नहीं होगा, तब तक देश का विकास नहीं होगा। भाजपा हर गांव में 2022 तक बिजली पहुंचाएगी। गांवों को 24 घंटे बिजली देने का काम भी भाजपा ने किया है।”
मंच पर शाह के साथ सांसद तरुण विजय, नेता श्याम जाजू, अजय भट्ट और सतपाल महाराज समेत कई नेता मौजूद थे।
उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने के बाद से अमित शाह का उत्तराखंड में यह पहला दौरा है। राष्ट्रपति शासन लगाए जाने पर अदालत ने भी सवाल उठाया है, संबंधित याचिका पर फैसला आना अभी बाकी है।
dharmpath.com dharmpath