पणजी, 9 जुलाई (आईएएनएस)। रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने शनिवार को यहां कहा कि टेलीविजन पत्रकारिता की तुलना में अखबारी पत्रकारिता अधिक जिम्मेदार है।
गोवा की राजधानी में एक पुस्तकालय की आधारशिला रखने के लिए आयोजित एक समारोह के दौरान पर्रिकर ने कहा, “टेलीविजन पत्रकारिता की तुलना में अखबारी पत्रकारिता अधिक जिम्मेदार है। उसी तरह एक लिखित दस्तावेज एक टेलीविजन वृत्तचित्र से अधिक गंभीरता लिए होता है।”
पर्रिकर ने कहा, “जब टेलीविजन अस्तित्व में आया था, तो लोग उसमें प्रस्तुत सामग्रियों में विश्वास करते थे। कुछ लोगों को तो अभी भी यह नहीं मालूम कि टेलीविजन फूटेज के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है। सबकुछ बदला जा सकता है। आप किसी दृश्य में किसी भी व्यक्ति को दिखा सकते हैं, चाहे वह उसमें शामिल हो या नहीं। आपने ऐसा पहले तस्वीरों में देखा होगा।”
समाचार व व्हाट्सएप पर भेजी जा रही सूचनाओं की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से सूचना ग्रहण करने में सावधानी बरतें।
dharmpath.com dharmpath