कार्डिफ, 9 जुलाई (आईएएनएस)। हाल ही में यूरो-2016 में शानदार प्रदर्शन करने वाली वेल्स फुटबाल टीम के मुख्य कोच क्रिस कोलमैन ने स्वीकार किया है कि वह विश्व कप-2018 के बाद कोच पद छोड़ देंगे।
उन्होंने कहा कि वह विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगे और उसके बाद टीम से विदा ले लेंगे।
कोलमैन और वेल्स फुटबाल टीम शुक्रवार को यूरो कप-2016 में हिस्सा लेकर स्वदेश लौटीं, जहां हजारों की संख्या में देशवासियों ने उनका हीरो के अंदाज में स्वागत किया। अपनी टीम के स्वागत के लिए शुक्रवार को कार्डिफ की सड़कों पर अनुमानत: दो लाख प्रशंसक इकट्ठे हुए थे।
वेल्स फुटबाल टीम के लिए यूरो कप-2016 विश्व कप-1958 के बाद सबसे बड़ा आयोजन था, जहां उन्होंने ग्रुप चरण में शीर्ष स्थान हासिल किया। वेल्स के साथ उनके ग्रुप में इंग्लैंड भी था, हालांकि वेल्स ने नॉर्दर्न आयरलैंड और बेल्जियम को मात दी और सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
सेमीफाइनल में उन्हें पुर्तगाल के हाथों 0-2 से हार मिली।
वेल्स टीम से विदा लेने के बाद कोलमैन के अन्य कई टीमों के साथ जुड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि यूरो कप के दौरान ही उन्होंने इंग्लैंड के मुख्य कोच रॉय हॉजसन की जगह लेने की अटकलों से इनकार कर दिया था। वहीं बेल्जियम कोच बनने का सवाल भी वह टाल गए थे।
कोलमैन का वेल्स के साथ करार के दो वर्ष और बचे हैं और उनका कहना है कि उनकी प्रतिबद्धता वेल्स के साथ बनी हुई है, हालांकि 2018 में वह कोच पद छोड़ने की संभावना भी जता चुके हैं।
स्काई स्पोर्ट्स के वेब संस्करण पर शुक्रवार को प्रकाशित रिपोर्ट में कोलमैन के हवाले से कहा गया है, “मुझे पूरा विश्वास है कि यह मेरा आखिरी अभियान होगा, चाहे हम क्वालीफाई कर पाएं या नहीं। तब तक मुझे इस पद पर रहते छह वर्ष हो चुके होंगे, इसलिए मैं इस टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ करना चाहूंगा।”
dharmpath.com dharmpath