मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। फवाद खान, माहिरा खान और अली जफर जैसे पाकिस्तानी कलाकारों के साथ शनिवार को अनुपम खेर सहित कई बॉलीवुड कलाकारों ने पाकिस्तान के सुप्रसिद्ध मानवतावादी एवं ईदी फाउंडेशन के अध्यक्ष अब्दुल सत्तार ईदी के निधन पर शोक जताया।
ईदी ने शुक्रवार रात कराची के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 92 साल के थे।
ईदी संगठन हजारों जरूरतमंद लोगों और बच्चों की मदद करता है और इस कार्य के लिए इसे कई राष्ट्रीय पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है।
‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ और ‘तेरे बिन लादेन’ जैसी बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुके पाकिस्तानी अभिनेता अली जफर ने कहा कि वह हमेशा से ईदी के अनुयायियों में से एक रहे हैं।
जफर ने ट्वीट किया, “ईदी एक नोबेल पुरस्कार से कई आगे थे। उनके काम के लिए कोई भी पुरस्कार न्याय नहीं कर सकता। अल्लाह उनकेरूह को सुकून दे। शुक्रिया ईदी साहब।”
लोकप्रिय गायक अदनान सामी ने भी ईदी के निधन की खबर पर शोक जताते हुए कहा, “अोह! आज के संत फकीर और अनाथों के पिता अब्दुल सत्तार ईदी गुजर गए।”
महिरा ने ट्वीट कर कहा, “अल्लाह खुले हाथों से उनका स्वागत करेंगे। विश्व ने अपना एक महापुरुष खो दिया। उनके जैसा दूजा कोई नहीं होगा।”
भारतीय फिल्म अभिनेता अनुपम ने कहा, “ईदी साहब एक दयालु और नि:स्वार्थता की प्रतिमूर्ति थे। उनके निधन की खबर से दुख हुआ। मानवता उन्हें याद करेगी।”
फवाद के आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा गया, “एक महान इंसान और हमारे लिए मानवता के एक जीते जागते उदाहरण का आज निधन हो गया।”
dharmpath.com dharmpath