अखिलेश ने लखनऊ मेट्रो के ट्रॉयल रन का शुभारंभ किया

लखनऊ, 1 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ मेट्रो के ट्रायल रन का शुभारंभ किया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के साथ कई अन्य वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे।

शुभारंभ के साथ ही करीब तीन महीने तक मेट्रो का ट्रायल चलेगा। आम लोग 26 मार्च, 2017 से ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग तक मेट्रो में सफर कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री के हरी झंडी दिखाने के साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर से सिंगार नगर स्टेशन के बीच ट्रायल शुरू हो गया। इस ट्रेन की चालक महिलाएं थीं। मेट्रो का ट्रायल पहले ट्रांसपोर्ट नगर से मवैया के बीच में होगा, लेकिन पहले दिन यह सिंगार नगर तक ही चलेगी। इसके बाद दूसरे दिन से यह मवैया तक जाएगी। एक जनवरी, 2017 से चारबाग तक ट्रायल रन होगा।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी व कन्नौज की सांसद डिंपल यादव व समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि पिछले तीन दिनों में ट्रांसपोर्ट नगर से मवैया के ट्रैक पर मेट्रो का परीक्षण किया गया। अब तक मेट्रो को कुल 15 घंटे चलाया जा चुका है। यह तकनीकी परीक्षण में पूरी तरह सफल रही, जिसके बाद एलएमआरसी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री से इसके लोकार्पण कराने की तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू किया था।

अमौसी से चारबाग तक बने आठ मेट्रो स्टेशनों के बीच 65 छोटी बसें भी चलाई जाएंगी। हर मेट्रो स्टेशन से छह से आठ सिटी बसों को जोड़ा जाएगा। बसों का संचालन मेट्रो रेल के समय सारणी के अनुसार होगा। फीडर सिटी बसों का संचालन दुब्बगा सिटी बस डिपो से किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493