अनुपम खेर ‘तन्हा व अवसादग्रस्त’ लोगों से जुड़ेंगे

मुंबई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर तन्हा व अवसादग्रस्त लोगों से जुड़ेंगे। इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना ई-मेल एड्रेस साझा किया है। साथ ही इस पर जोर दिया है कि युवा पीढ़ी की बात सुनने की जरूरत है, उनकी खामोशी को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

अनुपम की यह टिप्पणी एक इंजीनियरिंग छात्र अर्जुन भारद्वाज के सोमवार को खुदकुशी किए जाने के बाद आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसने सोमवार तड़के 19वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी।

अनुपम ने इसके बाद अपने प्रशंसकों को ई-मेल एड्रेस साझा करते हुए उनसे ऐसे लोगों से जुड़ने की अपील की, जो अकेलापन या अवसाद महसूस करते हैं।

अभिनेता ने बुधवार को ट्वीट किया, “यदि आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जो तन्हा या अवसादग्रस्त महसूस कर रहा हो तो मुझे ‘अनुपम एट अनुपमखेरकंपनी डॉट कॉम’ पर लिखें। उनसे बात कर खुशी होगी।”

उन्होंने लिखा, “अर्जुन भारद्वाज की आत्महत्या हमें चेताती है कि हम ऐसे समय में जी रहे हैं, जहां युवाओं में अकेलापन व उनका अवसादग्रस्त होना आम हो गया है।”

अभिनेता ने साथ ही कहना कि उनकी परवरिश एक संयुक्त परिवार में हुई इसलिए उन्हें पता ही नहीं चला कि अवसाद क्या होता है?

उन्होंने कहा, “जीवन के शुरुआती वर्षो में मैं संयुक्त परिवार में पला-बढ़ा.. हमेशा लोगों से घिरा रहता था, इसलिए अवसाद के बारे में नहीं जानता।”

उन्होंने कहा, “हमें युवा पीढ़ी से बात करने और उनकी बात सुनने की आवश्यकता है। हमें उनके बदलते मूड और चुप्पी को यह सोचकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए कि ‘वे यूं ही ऐसे हैं’।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493