अनुष्का शंकर दिसंबर में आएंगी भारत

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। सितार वादन में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कर चुकीं पंडित रविशंकर की बेटी अनुष्का शंकर अपने नए अल्बम ‘होम’ के प्रचार के लिए भारत के चार शहरों का दौरा करेंगी।

प्रवासी अनुष्का शंकर 12 दिसंबर को मुंबई से अपने दौरे की शुरुआत करेंगी। इसके बाद वह 13 दिसंबर को दिल्ली और 15 दिसंबर को जयपुर जाएंगी। उनकी यात्रा 18 दिसंबर को बेंगलुरू में खत्म होगी।

अनुष्का ने अपने एक बयान में कहा, “मैं दो साल के बाद भारत वापस आने के लिए उत्साहित हूं। ‘होम’ मेरे लिए खास अल्बम है। इसके कई कारण हैं। यह अल्बम मेरे पिता और गुरु पंडित रवि शंकर के लिए पुष्पांजलि या कह लीजिए झंकारांजलि है।”

उन्होंने कहा, “यह बहुत खास है क्योंकि जब अल्बम रिकॉर्ड हुई, तब मैं अपने छोटे बेटे मोहन की उम्मीद कर रही थी। इस दिसंबर मोहन के साथ मेरी पहली भारत यात्रा होगी।”

अल्बम ‘होम’ के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “यह पहली बार है जब मैं पिता के तिरोधान के बाद अल्बम में शास्त्रीय राग बजा रही हूं। मैं पूरी प्रक्रिया के दौरान उनसे गहराई के साथ जुड़ी हूं। मुझे ऐसा महसूस होता है कि मैं संगीत के माध्यम से उनके साथ दोबारा जुड़ी हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493