Sunday , 19 May 2024

ब्रेकिंग न्यूज़
Home » भारत » अन्नाद्रमुक, कांग्रेस का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित (लीड-1)

अन्नाद्रमुक, कांग्रेस का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित (लीड-1)

नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। विपक्षी दलों ने बुधवार को लोकसभा में फिर हंगामा किया। अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) ने एयरसेल-मैक्सिस सौदे से पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम और उनके बेटे कार्ति के रिश्ते का मुद्दा उठाया। वहीं, कांग्रेस ने मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ अपने विशेषाधिकार हनन नोटिस के बारे में लोकसभा अध्यक्ष से सवाल किए।

हंगामे के बावजूद लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने प्रश्नकाल का संचालन किया और सांसदों को वे मुद्दे उठाने की इजाजत दी जिनके लिए उन्होंने विशेषाधिकार का नोटिस दे रखा था।

लोकसभा की बैठक जैसे ही शुरू हुई अन्नाद्रमुक के सदस्य अध्यक्ष के आसन के करीब जमा हो गए और नारे लगाने लगे। वे एयरसेल-मैक्सिस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

महाजन ने अन्नाद्रमुक के प्रदर्शनकारी सदस्यों से पहले प्रश्नकाल समाप्त हो जाने देने का आग्रह किया। इसके बाद वे अपनी सीट पर चले गए, लेकिन तभी उनकी जगह कांग्रेस के सदस्य आ गए। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव आगे बढ़े।

कांग्रेस के सदस्य ‘स्मृति ईरानी को बर्खास्त करें’ और ‘स्मृति ईरानी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन मामला चलाया जाए’ नारे लगा रहे थे।

महाजन ने कहा, “कुछ सदस्यों के दिए विशेषाधिकार नोटिस मेरे विचाराधीन है। विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाने की एक प्रक्रिया है। इसका फैसला सदन में नहीं हो सकता। मैं यह इसलिए कह रही हूं क्योंकि आप लोग इस सदन के लिए नए हैं। “

इसके बाद भी कांग्रेस के सदस्यों ने अपना प्रदर्शन जारी रखा। तृणमूल कांग्रेस के सदस्य सुदीप बंदोपाध्याय और सौगत राय और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के मुहम्मद सलीम भी अपने मुद्दे उठाना चाहते थे, लेकिन उनकी आवाज शोरगुल में दब गई।

प्रश्नकाल के बाद अध्यक्ष ने इसे एक विशेष मामला बताते हुए हर सदस्य को उनके विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव पर बोलने की इजाजत दी।

कांग्रेस के के.सी.वेणुगोपाल ने कहा कि उन्होंने स्मृति ईरानी के खिलाफ हैदराबाद के दलित छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या के मुद्दे पर सदन को गुमराह करने के लिए विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव दिया है।

कांग्रेस की सदस्य रंजीता रंजन ने यह बताने को कहा कि एचआरडी मंत्री ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और वेमुला की आत्महत्या का जवाब देते हुए उनका नाम कैसे लिया?

तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय ने भी स्मृति ईरानी के खिलाफ उसी मुद्दे पर अपने विशेषाधिकार हनन की बात कही।

भाजपा के मुख्य सचेतक अर्जुनराम मेघवाल ने स्मृति ईरानी पर आरोप लगाने पर आपत्ति की। उनका कहना था कि सदन को उन पर भरोसा करना चाहिए क्योंकि वह मंत्री हैं।

इसी बीच लोकसभा अध्यक्ष ने सदन में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को बोलने की अनुमति दी। लेकिन, खड़ने आगरा में केंद्रीय मंत्री राम शंकर कठेरिया के कथित सांप्रदायिक टिप्पणियों पर बोलने लगे। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ने आपत्ति की और खड़गे को केवल विशेषाधिकार हनन मुद्दे पर बोलने को कहा। जिसके बाद कांग्रेस के सदस्यों ने हंगामा किया, जिसकी वजह से लोकसभा की कार्यवाही अपराह्न् 12.20 बजे दस मिनट के लिए स्थगित की गई।

आगरा से सांसद और केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री कठेरिया पर आगरा में एक शोकसभा के दौरान भड़काऊ भाषण देने का आरोप है। शोकसभा विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता अरुण माहौर की याद में रखी गई थी, जिनकी गुरुवार को आगरा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

अन्नाद्रमुक, कांग्रेस का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित (लीड-1) Reviewed by on . नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। विपक्षी दलों ने बुधवार को लोकसभा में फिर हंगामा किया। अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) ने एयरसेल-मैक्सिस सौदे से पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। विपक्षी दलों ने बुधवार को लोकसभा में फिर हंगामा किया। अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) ने एयरसेल-मैक्सिस सौदे से पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. Rating:
scroll to top