मैनचेस्टर, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। पेशेवर मुक्केबाजी अपना चुके ओलम्पिक पदक विजेता भारतीय मुक्केबाज विजेंदर सिंह 19 दिसंबर को बुल्गारिया के अनुभवी मुक्केबाज ह्यूसेनोव से अगला मुकाबला करेंगे।
पेशेवर मुक्केबाजी में लगातार दो जीत के साथ शानदार आगाज करने वाले विजेंदर की कोशिश अपने विजयी अभियान को जारी रखने की होगी।
विजेंदर ने अपने पदार्पण मुकाबले में सोन्नी व्हाइटिंग को हराया था, वहीं पिछले महीने हुए दूसरे मुकाबले में उन्होंने डीन गिलेन को शिकस्त दी थी।
शुरुआती दोनों मुकाबलों में जहां विजेंदर के दोनों प्रतिद्वंद्वी भी पेशेवर मुक्केबाजी में नए ही थे, वहीं 14 मुकाबलों में सात जीत हासिल कर चुके ह्यूसेनोव से मुकाबला उनके लिए आसान नहीं होने वाला।
विजेंदर ने सोमवार को कहा, “यह मेरे लिए एक और महत्वपूर्ण मुकाबला है, जिसे मुझे जीतना है।”
उन्होंने कहा, “मैं अब तक अजेय हूं और आने वाले साल में इसी तरह जाना चाहूंगा। मेरा लक्ष्य जीवन का पहला खिताब जीतना है और मैं ह्यूसेनोव को इसमें बाधा नहीं बनने दूंगा।”
विजेंदर ने अपनी रणनीति पर बात करते हुए कहा, “मुझे देखना होगा कि ह्यूसेनोव रिंग में किस तैयारी से आते हैं। अगर मुझे लगेगा की मैं जल्द ही मुकाबला खत्म कर सकता हूं तो मेरी पूरी कोशिश उसे जल्द खत्म करने की होगी।”
ह्यूसेनोव के बारे में विजेंदर ने कहा, “वह काफी अनुभवी हैं और 14 मुकाबले, 64 राउंड के अनुभव के साथ वह मुझ पर भारी हैं। लेकिन अगर मैं चौथे राउंड तक खड़ा रहा तो इसका मतलब होगा की मैं सुधार कर रहा हूं। मैं साल का अंत जीत के साथ करना चाहता हूं।”
वहीं ह्यूसेनोव ने अपने बयान से विजेंदर को डराने की कोशिश की है। उन्होंने कहा है, “विजेंदर का मुकाबला अभी तक मुझे जैसे खिलाड़ी से नहीं हुआ है। उन्हें 19 दिसंबर को पता चलेगा की एक पेशेवर मुक्केबाज से लड़ना क्या होता है।”
dharmpath.com dharmpath