नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने अब देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रह्मण्यम पर निशाना साधा है। उन पर ‘कांग्रेस के लिए काम करने’ का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता ने उन्हें बर्खास्त करने की मांग की है।
स्वामी ने बुधवार को इस संबंध में कई ट्वीट किए। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, “अमेरिकी कांग्रेस में 13 मार्च, 2013 को किसने कहा था कि अमेरिका को देश के फार्माश्यूटिकल हितों की रक्षा के लिए भारत के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए? (वित्त मंत्रालय के) अरविंद सुब्रमण्यम!! उन्हें बर्खास्त किया जाए!”
अरविंदर सुब्रह्मण्यम ने अक्टूबर 2014 को रघुराम राजन की जगह ली थी।
एक अन्य ट्वीट में स्वामी ने कहा, “अनुमान लगाइए, किसने कांग्रेस को जीएसटी पर अड़ियल रवैया अपनाने के लिए प्रेरित किया? जेटली (वित्त मंत्री अरुण जेटली) के आर्थिक सलाहकार वाशिंगटन डीसी के अरविंद सुब्रमण्यम।”
राज्यसभा सांसद ने इस पर भी हैरानी जताई कि आखिर क्यों (प्रधानमंत्री) नरेंद्र मोदी की सरकार के पिछले दो साल के कार्यकाल में प्रमुख आर्थिक क्षेत्रों में प्रगति नहीं हुई? उन्होंने कहा, “अब देशभक्त ट्विटर उपयोगकर्ता (पीटी) हमारे प्रमुख आर्थिक क्षेत्रों में पिछले दो साल में नहीं हुई प्रगति का कारण समझ सकते हैं। वित्त मंत्रालय/वित्तीय संस्थानों में बड़े पैमाने पर भितरघात।”
स्वामी ने लिखा, “एएस (अरविंद सुब्रमण्यम) अमेरिकी कांग्रेस समिति में भारत के खिलाफ एक अमेरिकी नागरिक की हैसियत से अपनी बात रख रहे थे या भारतीय के तौर पर? क्या किसी पीटी को मालूम है?”
स्वामी ने राजन पर ऋण दरों को ऊंचा रखते हुए भारतीय अर्थव्यवस्था को बेपटरी करने का आरोप लगाते हुए उनकी भी आलोचना की।
राजन ने सितंबर में आरबीआई गवर्नर के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद वापस शिक्षण पेशे से जुड़ने का निर्णय लिया है।
dharmpath.com dharmpath