कैबिनेट बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि उप्र वक्फ अधिकरण नियमावली-2017 के प्रख्यापन के निर्णय को मंजूरी दी गई है। अब वक्फ अधिकरण रामपुर की जगह लखनऊ में होगा।
स्वास्थ्य मंत्री सिंह ने बताया, “वक्फ संपत्तियों को सुरक्षित रखने के लिए वक्फ अधिकरण नियमावली में संशोधन किया गया है। इसके तहत वक्फ अधिकरण रामपुर की जगह अब लखनऊ में बनाया जाएगा। इसमें एक अध्यक्ष व दो सदस्य होंगे। इसके अलावा प्रत्येक जिले में इसकी व्यवस्था होगी। इसके साथ 3 मार्च, 2014 के बाद के सभी फैसलों की सुनवाई प्रस्तावित अधिकरण में होगी।”
ऊर्जा मंत्री शर्मा ने बताया, “शासकीय कार्यो का पूरी निष्ठा से संपादन सुनिश्चित हो इसके लिए उप्र सचिवालय में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक और आधार आधारित अटेंडेंस प्रणाली को लागू करने की मंजूरी दी गई है। अब बायोमेट्रिक एटेंडेंस का इस्तेमाल सचिवालय के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए अनिवार्य होगा। उप्र राजस्व संहिता, 2006 में वर्णित तहसील स्तरीय समेकित गांव निधि के गठन का गठन लिया गया है।”
dharmpath.com dharmpath