अमरनाथ यात्रा बहाल, अब तक 1.27 लाख लोगों ने किए दर्शन

जम्मू, 16 जुलाई (आईएएनएस)। दो दिनों तक स्थगित रहने के बाद अमरनाथ यात्रा शनिवार से फिर से शुरू हो गई। शनिवार को श्रद्धालुओं का जत्था घाटी के लिए रवाना हुआ।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “दो दिनों तक स्थगित रहने के बाद शनिवार से अमरनाथ यात्रा फिर शुरू हुई। यात्रियों का जत्था भगवती नगर यात्री निवास से घाटी के लिए शाम 4.30 बजे रवाना हुआ।”

अधिकारी ने कहा, “यात्रियों के वाहनों का काफिला सुरक्षा बलों के अनुरक्षण में रवाना हुआ है।”

श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के एक अधिकारी ने कहा कि इस साल अब तक 1.27 लाख श्रद्धालु 3 हजार 888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा में जाकर बाबा बर्फानी का दर्शन कर चुके हैं।

उस अधिकारी ने कहा कि बाल टाल और पहलगाम स्थित आधार शिविरों पर सभी यात्री सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों की सहायता से यात्रियों की सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।

48 दिवसीय वार्षिक अमरनाथ यात्रा 2 जुलाई को शुरू हुई थी और 17 अगस्त तक चलेगी। इस साल सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन भी इसी दौरान पड़ रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493