नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को स्पष्ट कर दिया कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह गुजरात के अगले मुख्यमंत्री नहीं होंगे।
शहरी विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू ने यहां भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद इसकी घोषणा की।
आनंदी बेन पटेल की ओर से सोमवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की इच्छा जाहिर किए जाने के बाद शाह के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिसे भाजपा ने बुधवार को खारिज कर दिया। पार्टी ने बुधवार को आनंदी के इस्तीफे की पेशकश भी स्वीकार कर ली।
नायडू ने कहा कि गुजरात के अगले मुख्यमंत्री का चुनाव राज्य के मौजूदा पार्टी विधायकों में से ही होगा।
उन्होंने भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद कहा, “वह (अमित शाह) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी ने ऊंचाइयों को छुआ है। पार्टी को उनके नेतृत्व की जरूरत है। राज्य के मुख्यमंत्री का चुनाव मौजूदा पार्टी विधायकों में से ही होगा।”
नायडू ने हालांकि कहा कि गुजरात में गुरुवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए होने वाली बैठक में शाह भी मौजूद रहेंगे।
उन्होंने यहां संवाददाताओं को बताया, “वह गुजरात के नए मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए राज्य के पार्टी विधायकों की होने वाली बैठक की अध्यक्षता करेंगे।”
बैठक में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी और राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडे भी केंद्रीय पर्यवेक्ष के तौर पर मौजूद रहेंगे।
आनंदी बेन पटेल को देश के कई लोगों के लिए ‘प्रेरणा’ करार देते हुए नायडू ने कहा कि उन्होंने संतोषजनक रूप से गुजरात की मुख्यमंत्री होने की जिम्मेदारी संभाली।
dharmpath.com dharmpath