लॉस एंजेलिस, 2 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता और एथलीट ली रेहेर्मन का 49 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। टीवी प्रतियोगिता श्रृंखला ‘अमेरिकन ग्लैडिएटर्स’ में हॉक की भूमिका निभाने वाले रेहेर्मन ने कैलेफोर्निया के मैनहट्टन में सोमवार को अंतिम सांस ली।
वेबसाइट ‘वेरायटी डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के मुताबिक, उनके प्रतिनिधि और पुराने मित्र एंथनी टर्क ने उनके निधन की पुष्टि की और कहा कि रेहेर्मन का देहांत बिल्कुल अप्रत्याशित था, क्योंकि वह ‘बिल्कुल स्वस्थ’ थे।
टर्क ने कहा कि हालांकि उनकी मौत के कारण का अभी तक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन लगभग दो महीने पहले उनकी कूल्हे की सर्जरी हुई थी और पिछले कुछ समय से वह स्वस्थ महसूस नहीं कर रहे थे।
रेहेर्मन ने पेशेवर फुटबॉल के क्षेत्र में जाने का विचार किया था, लेकिन तभी वह अभिनय में अपने करियर की शुरुआत करने के लिए कैलिफोर्निया पहुंचे।
उन्होंने टीवी शो ‘कोलम्बो’ में एक संक्षिप्त भूमिका निभाई थी और अर्नोल्ड श्वार्जनेगर के ‘लास्ट एक्शन हीरो’ में भी अभिनय किया था। 1993 में वह रियलिटी शो ‘अमेरीकन ग्लैडिएटर्स’ में हॉक के रूप में शामिल हुए, जिसमें साधारण नागरिकों को एथलीट्स के खिलाफ खड़ा किया गया था।
रेहेर्मन शो के पांचवें संस्करण में शामिल हुए थे और 1996 में इसके खत्म होने तक इससे जुड़े रहे।
dharmpath.com dharmpath